हिमफेड आज से खरीदेगा सेब

रामपुर बुशहर। हिमफेड सोमवार से मंडी मध्यस्थता योजना के तहत छोटे आकार के सेब की खरीद शुरू कर रहा है। पहले चरण में निचले क्षेत्रों में 17 जगहों पर सेब कलेक्शन सेंटर खोले जा रहे हैं। इस बार बागवानों से साढ़े छह रुपये प्रति किलो के हिसाब से सेब खरीदा जाएगा। जबकि, गत वर्ष छह रुपये प्रति किलो के हिसाब से सेब खरीदा गया था।
हिमफेड सोमवार से कचीनघाटी, पट्टीजुब्बड़, थानाधार, शतला, मैलन, भरेड़ीधार, कोटगढ़, शावट, सरोगा, कमलाऊ, जगूणी, पलजारा, कोटासेरी, रेमू, आनी, नित्थर और अरसू में सेब कलेक्शन सेंटर खोल रहा है। इसी के साथ इन कलेक्शन सेंटरों पर सेब की खरीद भी शुरू कर दी जाएगी। हिमफेड के क्षेत्रीय प्रबंधक केवल राम ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हिमफेड बागवानों से छोटे आकार का सेब साढ़े छह रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदेगा। जबकि, गत वर्ष छह रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीद की गई थी। प्रदेश सरकार ने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत सेब के समर्थन मूल्य में 50 पैसे की बढ़ोतरी की है। लिहाजा, गत वर्ष के मुकाबले बागवानों को 50 पैसे अधिक दाम मिलेंगे। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे सीजन ऊपरी क्षेत्रों की तरफ बढ़ेगा, वैसे ही वहां भी सेब कलेक्शन सेंटर खोल दिए जाएंगे। हिमफेड हर साल एमआईएस के तहत बागवानों से छोटे आकार के सेब की खरीद करता है। कुछ सेब को हिमफेड स्वयं खुले बाजार में बेचता है, तो बाकी सेब जूस बनाने के लिए एचपीएमसी को भी बेचा जाता है।

Related posts