हिमपात से रोहड़ू-शिमला मार्ग फिर बंद

रोहड़ू। हिमपात से खड़ापत्थर में रोहड़ू शिमला मुख्य मार्ग फिर बंद हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कों पर बुधवार को दोपहर बाद बस सेवा बंद हो गई है। कड़ाके की ठंड में लोगों को दिन भर सफर के दौरान भारी परेशानी उठानी पड़ी।
बुधवार को शिमला मार्ग पर सनाभा के समीप हिमपात में फिसलन के कारण कई घंटे जाम लगा रहा। खड़ा पत्थर में बर्फ जमने के बाद हिमपात से रोहड़ू शिमला मार्ग पर बसें व छोटे वाहन बंद हो गए। रोहड़ू से शिमला के लिए भेजी गई बसों को सनाभा में कई घंटे जाम में फंसने के बाद वापास लौटाया गया। डोडरा क्वार सड़क पहले ही कई दिनों से यातायात के लिए बंद पड़ी है। सुंगरी में भी सड़क पर हिमपात जमने के बाद रोहड़ू से रामपुर के लिए चलने वाली बसे बंद कर दी गई हैं। दोपहर बाद लगातार खराब मौसम के कारण परिवहन निगम ने करीब एक दर्जन ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों पर बस सेवा रोक दी है। निचाले क्षेत्रों में भारी बारिश से कड़ाके की ठंड के कारण जन जीवन पर असर पड़ा है। बिजली के बार-बार कट लगने से लोगों को परेशानी हो रही है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि शिमला-रामपुर मार्ग पर बस सेवा बंद हो गई है। उन्होंने कहा खड़ा पत्थर व सुंगरी में सड़क पर हिमपात के कारण यातायात बंद है। ग्रामीण क्षेत्रों के करीब एक दर्जन मार्गों पर भी बसें दोपहर बाद रोक दी गई है।

Related posts