हिमगिरी-पंजेई में 700 रुपए में पहुंच रहा सिलेंडर

हिमगिरी (चंबा)। ग्राम पंचायत हिमगिरी व पंजेई में रसोई गैस के सिलेंडर की सप्लाई गाड़ी नहीं पहुंच रही है। इस कारण 50 के करीब उपभोक्ताओं को एक सिंलेंडर 700 रुपए में पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पहले इन दोनों पंचायतों को डलहौजी गैस एजेंसी से गैस की सप्लाई दी जाती थी। इसके चलते उपभोक्ता सलूणी जाकर सिलेंडर भरवा लेते थे, लेकिन अब यहां के उपभोक्ताओं को तीसा गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर की सप्लाई दी जा रही है। गैस की गाड़ी इन पंचायतों में नहीं पहुंच रही है। इस कारण उपभोक्ताओं को खच्चर पर सिलेंडर लाने पड़ रहे हैं। खच्चर वाले प्रति सिलेंडर 250 रुपए वसूल रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को दो सिलेंडर का 500 रुपए किराया भरना पड़ रहा है। गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को साढ़े चार सौ रुपए में सिलेंडर मिलता है, लेकिन हिमगिरी व पंजेई पंचायत के उपभोक्ताओं को 700 रुपए में सिलेंडर मिल रहा है। इस कारण उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। उपभोक्ता मान सिंह खन्ना, देवी चंद, प्रताप चंद, हेम राज, सिंहु राम, भाग सिंह, हनीश पुरी चूनी लाल, मीर चंद, राम चंद, परमजीत, जय सिंह, बलदेव, देस राज, दूनी राम, तिलक राज, गजिंद्र सिंह, दया सिंह, बोध राज, ठाकुर दास, कृष्ण लाल, हेम सिंह, लोचू राम, बली राम, बालक राम, ज्ञान सिंह, भीखम सिंह और नरेंद्र सेन ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि हिमगिरी में गैस की गाड़ी भेजी जाए। इससे उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी। इसं संदर्भ में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि संबंधित गैस एजेंसी को गाड़ी भेजने के निर्देश दिए जाएंगे। जल्द उपभोक्ताओं को घर द्वार गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

Related posts