
रुद्रपुर। रुद्रपुर और गदरपुर के हिजड़ों के बीच चल रहा इलाके का विवाद एसएसपी कार्यालय पहुंच गया। क्षेत्र के हिजड़ों ने एसएसपी से मुलाकात कर गदरपुर के हिजड़ों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रुद्रपुर निवासी सुनीता और गदरपुर निवासी शालू के बीच इलाके का विवाद लंबे समय से चल रहा है। इसका वाद भी न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार को सीरगोटिया निवासी सुनीता साथियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल से मुलाकात कर आरोप लगाया कि सोमवार को गदरपुर की शालू अपने साथियों के साथ उसके क्षेत्र में जबरन घुस कर बधाई मांग रही थी। सूचना पर जब वह पहुंची तो उक्त गालीगलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। शोरशराबा सुनकर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई । सुनीता ने कहा कि इससे पूर्व भी उसके क्षेत्र में जबरन नेक मांगने की घटनाएं हो चुकी है। उन्होंने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर सीमा, दानिश, शिल्पा, गीता, रेखा, पूनम, सरित, किरन, सपना किन्नर आदि मौजूद थे।
