
बागेश्वर। चौरासी कोस यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाने पर हिंदूवादी संगठनों ने आपत्ति जताई है। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने यहां नारेबाजी के साथ अखिलेश सरकार का पुतला दहन किया। यहां हुई सभा में चेतावनी दी गई कि शीघ्र यात्रा पर रोक नहीं हटाई गई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता शुक्रवार को एसबीआई तिराहे पर पहुंचे। यहां नारेबाजी के साथ अखिलेख सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि संतों ने उप्र में चौरासी कोस की यात्रा शुरू की। जिस पर अखिलेश सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है। यात्रा स्थान पर पड़ने वाले छह जिलों में धारा 144 लागू कर दी है और अस्थायी जेलाें का निर्माण किया जा रहा है। पूरे अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कार्यकर्ताओं ने सरकार की इस कार्रवाई को यात्रा विरोधी बताया। पुतला दहन और सभा में विहिप के जिलाध्यक्ष शेर सिंह मलड़ा, बजरंग दल के कृष्ण पांडे, पंकज भट्ट, छात्र संघ अध्यक्ष आदर्श कठायत, दर्शन कठायत, महेंद्र मेहता, पंकज मेहता, राकेश जोशी, बसंत पंडा, हितेंद्र धपोला, सुरेश खेतवाल आदि शामिल थे।
