
सुंदरनगर (मंडी)। प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का कहना है कि विधानसभा चुनाव में हुई करारी हार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पचा नहीं पा रहे हैं। वह अब तक हार के सदमे से बाहर नहीं निकल सके हैं। मंडी संसदीय उप चुनाव में प्रतिभा सिंह कांग्रेस की एक मजबूत प्रत्याशी हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर एक मजबूर प्रत्याशी हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में प्रतिभा सिंह के पक्ष में ब्यार बह रही है, जिसे देखकर भाजपा के नेता बौखलाहट में हैं। इसी बौखलाहट में वह अंटशंट बयानबाजी कर रहे हैं।
शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के पक्ष में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के निहरी, रोहांड़ा, पौड़ा कोठी व सुंदरनगर की बीएसएल कालोनी में जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर भी उनके साथ थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूर्व की धूमल सरकार के शासनकाल में प्रदेश में विकास ठप होकर रह गया था। केंद्र प्रायोजित योजनाओं को इस सरकार ने अपना नाम देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, जिसका खामियाजा सरकार को चुनाव में भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अपने पांच माह के शासनकाल में जो निर्णय लिए हैं, उससे प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय आरंभ हुआ है। मंडी से उनका सदा ही विशेष लगाव रहा है तथा यहां की जनता से उन्हें हमेशा भरपूर प्यार मिला है और आगे भी मिलता रहेगा। कांग्रेस प्रत्याशी के यहां से संसद पहुंचते ही मंडी में प्रदेश सरकार के सहयोग से विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। इस मौके पर विभिन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
