
मंडी। कोटली क्षेत्र के हारट में एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस में मृतका के पिता ने ससुरालियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। कहा कि प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने ऐसा कदम उठाया है। शिकायत पर पुलिस ने भादसं की धारा 498 (ए), 306 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते रोज गायत्री देवी पत्नी तेज सिंह निवासी हारट डाकघर कोटली ने घर पर फंदा लगा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस में मृतका के पिता गोविंद राम निवासी धन्यारा ने ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें मुख्य रूप से मृतका के देवर पर महिला को प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार करीब तेरह साल पहले गायत्री देवी की शादी हुई थी। जिनके चार बच्चे भी हैं। पुलिस के मुताबिक मायके पक्ष से पता चला है कि मृतका किसी बीमारी से पीड़ित रही थी। हालांकि, उसकी बीमारी का इलाज हो गया था, लेकिन इस बात को लेकर अक्सर ससुराली उसे तंग करते रहते थे। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।
