
गैरसैंण। कर्णप्रयाग-नैनीताल राजमार्ग की हालत निरंतर खस्ताहाल होती जा रही है। तहसील मुख्यालय के निकट इन दिनों जहां खोदी जा रही निकास नालियां लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हैं, वहीं कर्णप्रयाग के निकट जखेड़ गदेरा में अब भी राजमार्ग का स्थायी ट्रीटमेंट नहीं किया गया है।
बरसात के दो माह बाद भी तहसील मुख्यालय में सड़क पर निकास नाली की खुदाई की जा रही है, जिससे सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों के साथ ही राहगिरों का चलना मुश्किल हो गया है। बीते वर्ष तीन नवंबर को कैबिनेट बैठक और इस वर्ष 14 जनवरी में विधानसभा शिलान्यास कार्यक्रम के लिए राजमार्ग पर किए गए सुधारीकरण कार्यों का कोई अतापता नहीं है। उखड़ा डामर और गड्ढों में तब्दील हुआ मार्ग दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है।
बीडीसी में इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। प्रमुख जानकी रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख प्रेम संगेला, बार संघ के अध्यक्ष वीपी काला ने शीघ्र सड़क सुधारने की मांग की है।
