हादसे में बाप-बेटे सहित तीन की मौत

कोटखाई (शिमला)। खड़ापत्थर के पास एक पिकअप के गहरी खाई में गिरने से बाप-बेटे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पता उस समय लगा, जब ये लोग देर रात तक घर नहीं पहुंचे और परिवार वाले उनकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान गाड़ी बेकटा कैंची के पास खाई में गिरी मिली। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल की ओर रवाना हो गया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवार को 20-20 हजार रुपये फौरी राहत के तौर पर दिए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक पिकअप एपी-63-2943 खड़ापत्थर से टाहु की ओर आ रही थी। बेकटा कैंची के पास गाड़ी करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में सवार चालक सुरजन सिंह (53) पुत्र स्व. माठुराम निवासी टाहु, लायकराम (65) पुत्र स्व. जय चंद और संजय (31) पुत्र लायकराम निवासी टाहु की मौके पर मौत हो गई। जब ये लोग देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो परिवार वाले उनकी तलाश में निकले। इसी दौरान रात को करीब 12 बजे गाड़ी बेकटा कैंची के पास खाई में गिरी मिली। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी कोटखाई गौरी दत्त शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से तहसीलदार कोटखाई देविंद्र काल्टा ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 20-20 हजार रुपये की राशि दी है।

Related posts