हादसे में घायल महिला की पीजीआई में मौत

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पिछले शनिवार को देहरा के ब्यास पुल के निकट हुई बस और टैंपो की भीषण टक्कर में गंभीर घायल एक और महिला की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। इससे पहले हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार बस और टैंपो की भीषण टक्कर में सुनीता कुमारी पत्नी वीर सिंह निवासी गंगरेवा तहसील चांदपुर जिला बुलंदशहर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए टांडा अस्पताल से पीजीआई के लिए रेफर कर किया गया था। पीजीआई में छह दिन बाद उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद देहरा पुलिस पीजीआई के लिए रवाना हो गई। वहां पर महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। यूपी के जिला बुलंदशहर के गांव गंगरेवा से एक ही कुनबे के करीब 30 लोग प्रदेश के शक्तिपीठों के दर्शनों के लिए 16 मई को एक टैंपो में निकले थे। 18 मई को चिंतपूर्णी मंदिर से ज्वालाजी मंदिर की ओर जाते समय देहरा के ब्यास पुल के निकट एक तीखे मोड़ पर पंजाब रोडवेज की बस के साथ आमने-सामने भीषण टक्कर हुई थी। हादसे में एक महिला और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 18 श्रद्धालु घायल हो गए थे। डीएसपी बीडी भाटिया और एसएचओ धर्मपाल ने पीजीआई में महिला की मौत होने की पुष्टि की है।

Related posts