
पालमपुर (कांगड़ा)। स्कूली बस से बालक की मौत के बाद जिला प्रशासन जागा है। निजी स्कूली बसों में अब परिचालक नहीं रखे तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस सिर्फ चालान ही नहीं काटेगी, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने इस बाबत निजी स्कूलों प्रबंधन को चेताया है कि वह लापरवाही छोड़ दें। स्कूली छात्रों के साथ कोई हादसा न हो, इसके लिए पुलिस ने मंगलवार को निजी स्कूल प्रबंधन को जागरूक किया कि वे जल्द अपनी बसों में परिचालक रखें। पालमपुर पुलिस इसके लिए विशेष अभियान छेड़ेगी। पुलिस बसों का नियमित निरीक्षण करती रहेगी। पुलिस ने मंगलवार को कई निजी स्कूलों को इस बात से अवगत भी करवाया है। उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने अब सख्ती से इस मामले को लेकर अभियान शुरू कर दिया है।
