
आनी (कुल्लू)। कुल्लू से आनी की ओर आ रही एक निजी बस के भुंतर के पास दुर्घटना ग्रस्त हो जाने से आनी में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि इस बस में कुल्लू से आनी मेले के लिए आ रहे अधिक लोग सवार थे। हालांकि अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि मरने वालों में आनी के कितने लोग थे। इधर,हादसे की सूचना मिलते ही आनी से लोग कुल्लू की ओर रवाना हो गए है। उधर,एसडीएम आनी ने बताया कि वह इस घटना पर नजर रखे हुए है कि लेकिन अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि इस बस में आनी के कितने लोग सवार थे।
इधर,जैसे ही बस हादसे की सूचना मिली आनी मेले का खुशी का महौल एक दम से गम में बदल गया। लोग मेला छोड़ कुल्लू की ओर रवाना होने लगे तो कोई फोन पर अपने रिश्तेदारों के हाल पूछने लगे। बताया जा रहा है कि आनी मेले को लेकर कुल्लू में रहने वाले लोग भी इस बस में सवार होकर आनी आ रहे थे। क्योंकि चार दिन चलने वाले इस मेले का समापन शुक्रवार को होना था। जिसके के चलते लोग मेले में अपने देवी देवताओं के दर्शन करने के लिए कुल्लू से आनी आ रहे थे। इधर,क्षेत्र के लोग लगातार दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क साध रहे है। बताया जा रहा है कि आनी मेले को लेकर बस पूरी तरह से भरी हुई थी। सूचना मिलने तक 35 शव निकाल लिए गए थे। लेकिन अभी पहचान शेष थी।
इधर,एसडीएम आनी नीरज गुप्ता का कहना है कि अभी इस बारे कुछ नहीं कहा जा सकता है कि हादसे में आनी के कितने लोग शामिल है। क्योंकि अभी तक शवों की पहचान नहीं हो पाई है। इधर,हादसे पर मेला कमेटी और क्षेत्र के विधायक खूबराम आनंद गहरा शोक व्यक्त किया।
