
चंबा। तीसा मार्ग पर कियाणी के पास ईंड नाला के पास हुए कार हादसे में मारी गई लड़की के परिवार के सदस्यों ने इस दुर्घटना में किसी साजिश की आशंका जाहिर की है। लड़की के परिवार वालों ने शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कदम को शिकायत पत्र सौंप कर मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है। लड़की के पिता नरेश कुमार, माता सुनीता देवी, मामा ज्ञान चंद, रेखा, नवीन कुमार ने शक जाहिर किया है कि आरोपी लड़के ने सोची समझी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया है। साथ ही उन्होंने लड़की के साथ दुष्कर्म आशंका जाहिर करते हुए कहा है कि शायद लड़की ने हादसे वाले दिन युवक को यह बात परिवार के सदस्यों को बताने की बात कही होगी, जिस पर उसने गाड़ी खाई में गिरा दी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि गाड़ी इतनी गहरी खाई में गिरी थी कि लड़की की तो मौत हो गई थी। लड़के को जरा भी चोट नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि ईंड नाला में दुर्घटनाग्रस्त हुई गाड़ी को भी रातों रात उठा लिया गया था। उन्होंने लड़के और लड़की के बीच मोबाइल की बातचीत के रिकार्ड को खंगालने की भी मांग रखी है। लड़की के पिता ने बताया कि ईंड नाला के पास लगी लोक निर्माण विभाग की लेबर व सामने से गुजर रहे वाहन चालक ने गाड़ी को संदिग्ध हालत में खाई में गिराते देखा था। उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा को मामले की छानबीन को कहा गया है।
