हाथ रखे साफ, तीसरी आंख से खुल सकेंगे राज

जुखाला (बिलासपुर)। नम्होल और जुखाला क्षेत्र में एक ही रात में एटीएम के ताले तोड़ने वाले शातिर निकले। जिस तरीके से एटीएम तोड़े गए हैं उससे प्रतीत हो रहा है कि यह कोई बड़ा चोर गिरोह हो सकता है। पुलिस को भी यही शक है। चोरों ने एटीएम तोड़ने के लिए अपने हाथ साफ रखने को प्लास्टर लगाए थे ताकि उनके फिंगरप्रिंट एटीएम मशीन पर न आएं लेकिन तीसरी आंख से क्या वह बच पाएंगे? एटीएम में लगे क्लोज सर्किट कैमरों की विडियो फुटेज के बाद चोरों का सुराग लगने का पता लगने की उम्मीद है।
उधर, एक साथ तीन एटीएम टूटने से नम्होल और जुखाला इलाके में सनसनी फैल गई है। इलाके के लोग अब अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित होने लगे हैं। लिहाजा, इलाके में पुलिस गश्त को और मजबूत किए जाने की मांग उठने लगी है। जबकि एटीएम के टूटने के पीछे बैंक प्रबंधन भी जिम्मेवार माने जा सकते हैं। सूत्र बताते है कि जिला के अधिकतर एटीएम बिना सिक्योरिटी गार्ड के राम भरोसे छोडे़ गए हैं। एटीएम चोरी की घटनाओं से भी सबक नहीं लिया जा रहा। नम्होल और जुखाला में चोर सैफ तोड़ने में कामयाब नहीं हुए। अन्यथा चोरी की रकम हजारों की बजाय लाखों में हो सकती थी। उधर, पुलिस को भी वीडियो फुटेज का ही इंतजार है। वीडियो फुटेज देखने के बाद ही चोरों का सुराग लग सकेगा। फिलहाल पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है। विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चोरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts