हाथीधार में ये कैसे गरीब परिवार?

जसूर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर की हाथीधार पंचायत के कुछ बाशिंदों ने स्थानीय विधायक तथा प्रशासन से की लिखित शिकायत में आरोप लगाए हैं कि आईआरडीपी तथा पीडीएस सूची में अपात्र लोगों को स्थान दिया गया है। जबकि पात्र लोगों को इन सूचियों से बाहर रखा गया है।
शिकायतकर्ता पंचायत उपप्रधान दर्शन सिंह, पंचायत सदस्य बाशला देवी, जरनैल सिंह, स्वर्ण सिंह, करतार सिंह, जसवंत सिंह, निशा कुमारी, सीता राम, मकान सिंह, कृष्ण चंद, अंकुश, रंजीत सिंह, जर्म सिंह, सरन दास आदि ने अपनी शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति के पास अपना वाहन है, बावजूद इसके उसे सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा किसी के पास अपना बगीचा है तो किसी की पत्नी स्कूल में नौकरी करती है तथा लड़के विदेश में नौकरी करते हैं। किसी के बेटे विदेश में नौकरी करते हैं, तो किसी का बेटा सेना में है। इन शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि इस मामले की गहराई से छानबीन होनी चाहिए कि अपात्र लोगों को गरीब की श्रेणी में किस आधार पर रखा गया? उन्हाेंने पात्र लोगों को उनका हक दिलाने की भी मांग की है। इस मामले में बीडीओ नूरपुर सुशील चौधरी का कहना है कि संबंधित पंचायत की सूचियां अभी तक कार्यालय में नहीं पहुंची हैं। इन सूचियों के आने पर ही जांच की जा सकती है।

Related posts