हाउस टैक्स वसूलने की कवायद तेज

मंडी। नगर परिषद मंडी ने गृहकर की बकाया राशि को वसूल करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके चलते गृहकर न भरने वाले डिफाल्टरों से एकमुश्त टैक्स वसूला जाएगा। नगर परिषद कर्मचारियों को वेतन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नप अपने आय के स्रोतों को भी बढ़ा रही है। अप्रैल माह के दौरान नप ने करीब तेरह लाख रुपये का हाउस टैक्स डिफाल्टरों से वसूला है। इसमें करीब चार लाख रुपये का गृहकर एक ही व्यक्ति ने भरा है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के प्रयासों के चलते नगर परिषद के लिए आय स्रोत खुलना शुरू हो चुके हैं। नप ने अब हाउस टैक्स की बकाया राशि को शून्य पर लाने का लक्ष्य रखा है। अभी करीब 32 लाख रुपये गृहकर की बकाया राशि डिफाल्टरों से लेना बाकी है। गौरतलब है कि मंडी शहर में हाउस टैक्स के डिफाल्टरों से करोड़ों रुपये की लेनदारियां थीं। इस बीच नप की ग्रांट स्ट्रीट लाइट बिल में कटने से कर्मचारियों को वेतन का टोटा हो गया था। नगर परिषद ने चार-पांच माह हाउस टैक्स वसूल कर ही कर्मचारियों के लिए वेतन का बंदोबस्त किया है। नगर परिषद गृहकर से विभिन्न योजनाआें को सुचारु रूप से चलाने के लिए कार्य कर रही है। इसके लिए नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी प्राथमिकता से कार्य कर रहे हैं। अब नगर परिषद हाउस टैक्स के बड़े डिफाल्टरों की सूची तैयार कर रही है। कई डिफाल्टरों से नगर परिषद को लाखों में टैक्स वसूलना है।

बड़े डिफाल्टरों की तैयार होगी सूची
हाउस टैक्स को वसूलने का कार्य तेज किया जा रहा है। इनसे ज्यादा गृह कर की राशि वसूल करने को है उनकी सूची तैयार की जाएगी। अप्रैल में करीब तेरह लाख रुपये का हाउस टैक्स वसूला है। बत्तीस लाख रुपये बकाया टैक्स लेना अभी बाकी है।
अजय पराशर कार्यकारी अधिकारी नप मंडी।

Related posts