
सुंदरनगर (मंडी)। पिछले कई दिन से क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोगों को भारी नुकसान हुआ है। वीरवार को बारिश के कारण उपमंडल में तीन मकान और दो गौशालाएं ढह गई हैं। वहीं, सुंदरनगर शहर में रेस्ट हाउस चौक के निकट हाईवे पर एक विशालकाल पेड़ गिर जाने से चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। जबकि, बाहोट वार्ड के स्लाबकोट में हाई वोल्टेज से लाखों के बिजली उपकरण जल गए हैं। बारिश के कारण क्षेत्र के करीब आधा दर्जन मार्ग भी यातायात के लिए बंद हो गए हैं।
वीरवार को डोलधार पंचायत के नवालधार गांव में हुकमचंद पुत्र भगत राम, कनैड में जीवन राम पुत्र फांदी राम तथा तृप्ता देवी पत्नी स्व. सुरेंद्र कुमार का एक मंजिला मकान बारिश के कारण ढह गया। वहीं चलैला में सोहन सिंह और कंडयाह गांव में चैत्री देवी की गोशाला ढह गई। इससे लोगों का लाखों का नुकसान हुआ है। दोपहर करीब दो बजे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भोजपुर में रेस्ट हाउस चौक के निकट एक पेड़ के हाईवे पर गिर जाने से चार कारें क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के बाद करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। बाहोट वार्ड के स्लाबकोट गांव में वीरवार को एकाएक आई हाई वोल्टेज के कारण दीनानाथ, जोगिंद्र कुमार, दिवेश शर्मा, विश्व बंधु, ललिता देवी और सुरेंद्र कुमार के बिजली के उपकरण जल गए। बारिश के कारण परिवहन निगम की एक बस सड़क बंद होने के कारण पौड़ा कोठी में फंस गई है। वहीं कई सड़क मार्ग भी बंद है। इधर, बाढ़ के कारण जुगाहन, छात्र और साई में सैकड़ों बीघा भूमि पर बोई फसल बर्बाद हो गई है। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को जिलाधीश मंडी के समक्ष रखा गया है। उनके साथ भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा, भाजयुमो के प्रदेश सचिव नरेंद्र भंडारी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र परमार भी उपस्थित रहे। उधर, उपमंडलाधिकारी (ना.) एचएस राणा ने बताया बारिश से होने वाले नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिसकी रिपोर्ट शीघ्र ही सरकार को भेजी जाएगी।
