हाईवे पर दौड़ रहे यात्रियों के दुपहिया वाहन

कर्णप्रयाग। चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा निर्विघ्न संपन्न कराने के प्रशासन के दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। यात्रा तैयारी बैठकों में प्रशासन ने चारधाम और हेमकुंड साहिब में किसी भी यात्री को दुपहिया वाहनों से नहीं जाने का दावा किया था, लेकिन यात्री बिना हेलमेट के दुपहिया वाहनों से बेरोकटोक यात्रा कर रहे हैं।
चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। शासन-प्रशासन की ओर से तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर भी चलता है, लेकिन धरातल पर नजर कम ही आता है। पूर्व में भी ऋषिकेश से ही चारधाम, हेमकुंड जाने वाले किसी भी यात्री को दुपहिया वाहन में नहीं जाने के दावे हुए थे, लेकिन ये धरातल पर नहीं उतर पाए। इन दिनों यात्रा चरम पर पहुंचने को है। ऐसे में लगातार दुपहिया वाहनों से यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बिना साइलेंसर के तेज आवाज से दौड़ते दुपहिया वाहनों की चेकिंग को लेकर भी पुलिस प्रशासन खामोश बैठा हुआ है। इधर, व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश सती का कहना है बदरीनाथ और हेमकुंड यात्रा में दुपहिया वाहनों के संचालन पर रोक लगनी चाहिए। बाहर से आने वाले यात्री दुपहिया वाहनों से पहुंच रहे हैं।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पी. रेणुका देवी का कहना है कि दुपहिया वाहन से यात्रा कर सकते हैं। इनके संचालन पर कोई रोक नहीं है। तीन-तीन सवारी नहीं जा सकती है। उक्त वाहन संचालक को हेलमेट का उपयोग करना जरूरी है।

Related posts