हाईवे खोलो नहीं तो करेंगे आंदोलन

बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री राजमार्ग पर अभी तक यातायात बहाल न होने और एनएच व प्रशासन द्वारा भ्रामक जानकारी दिए जाने पर लोगों में रोष है। क्षेत्रवासियों ने जल्द ही हाईवे पर यातायात बहाल न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जून माह में आई आपदा के दौरान यमुनोत्री राजमार्ग जगह-जगह अवरुद्ध हो गया था। उस समय यमुनोत्री क्षेत्र में फंसे वाहनों को किसी तरह निकाला गया। लेकिन, 13 जुलाई के बाद से यमुनोत्री हाईवे बंद है। प्रशासन और राजमार्ग खंड के अधिकारी हाईवे को लेकर शासन को गुमराह कर रहे हैं। यमुनोत्री क्षेत्र के गांवों को अलग-थलग पड़े गांवों को सूची में भी शामिल नहीं किया गया है।
उक्रांद के अजबीन पंवार, कांग्रेस के मनवीर रावत, अरविंद रावत, भाजपा के रणवीर राणा आदि ने प्रशासन पर आम लोगों और शासन को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि यदि जल्द ही यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बहाल नहीं किया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करेगी। एनएच के एई विनोद डोबरियाल ने स्वीकारा कि राजमार्ग बड़े वाहनों के लिए खरादी और हल्के वाहनों के लिए बाडिया तक खुला है। इससे आगे के हिस्से में यातायात बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts