हाईटेक नहीं हुए 90 फीसदी कार्यालय!

धर्मशाला। जिला कांगड़ा के 90 फीसदी कार्यालय हाईटेक नहीं हैं। मात्र दस फीसदी कार्यालय व विभाग ही हाईटेक हो पाए हैं। ऐसा नहीं इनके पास कंप्यूटर व इंटरनेट सुविधा नहीं है। सारी सुविधाएं होने के बावजूद इन कार्यालयों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
जिला कोष विभाग ने आज से छह माह पूर्व ई पासवर्ड जारी किया है। इसके तहत विभिन्न विभागों व कार्यालयों के कर्मचारी व अधिकारी अपने वेतन संबंधी जानकारी स्वयं अपडेट कर सकते हैं। लेकिन हकीकत में जिला कांगड़ा के दस फीसदी कार्यालय व विभाग ही इस हाईटेक सिस्टम के तहत कार्य कर रहे हैं। जबकि अन्य विभाग इस सिस्टम के तहत काम करने से तौबा कर रहे हैं। जिला कोष विभाग ने अपने कार्य में कुछ राहत पाने व अन्य विभागों के कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई पासवर्ड जारी किया है, ताकि कर्मचारियों व अधिकारियों को अपने छोटे से छोटे कार्य के लिए भी जिला कोष कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। इसी के चलते कोष विभाग ने विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों को इस पासवर्ड के तहत स्वयं वेतन संबंधी जानकारी अपडेट करने की सुविधा प्रदान की। लेकिन कोष विभाग की इस मुहिम को अन्य कार्यालयों व विभागों ने सिरे नहीं चढ़ाया।
जानकारी के अनुसार ई पासवर्ड के तहत विभिन्न कार्यालयों के एक अधिकारी को वेतन संबंधी जानकारी अपडेट करने का जिम्मा सौंपा जाना है। उसे कोष विभाग ई पासवर्ड का यूजर आईडी व पासवर्ड बताएगा। उक्त अधिकारी द्वारा अपने कार्यालय के सभी अधिकारियों व कर्मियों की वेतन संबंधी सारी जानकारी अपडेट की जा सकती है। लेकिन जिला भर में विभिन्न विभागों के कार्यालयों ने कोष विभाग की इस सुविधा को अपनाने से नकार दिया है।

दस फीसदी कार्यालय ही जुड़े : कोष अधिकारी
वहीं जिला कोष अधिकारी एसएस गुलेरिया का कहना है कि कर्मचारियों को कोष विभाग के चक्कर न काटने पड़ें। इसके लिए यह ई-पासवर्ड सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा को शुरू हुए करीब छह माह बीत जाने के बाद भी मात्र दस फीसदी कार्यालयों में ही इसके तहत कार्य हो रहा है। जबकि अन्य कार्यालयों में पुरानी तकनीक पर कार्य चल रहा है।

Related posts