हाईकोर्ट के आदेश का नहीं हो रहा पालन

खटीमा। विकास खंड के जंगल से लगे ग्राम खेतलसंडा मुस्ताजर में वनभूमि पर स्वामित्व के लिए संघर्ष जारी है। हाईकोर्ट के आदेश गणेश राम आदि के मामले में यथास्थिति रखते हुए उत्पीड़ित न करने के आदेश पर वन विभाग दुविधा में है। कब्जे को लेकर जारी संघर्ष में गणेश राम आदि ने तीसरे दिन भी जंगल की झाड़ियों को काटा। झाड़ी काटने वालों को बलपूर्वक रोकने में विफल वन महकमे के अधिकारी और कर्मचारियों को अदालत की अवमानना का डर सता रहा है।
खेतलसंडा मुस्ताजर ग्राम से लगी वनभूमि के लिए गणेश राम आदि ने 1016 बीघा के स्वामित्व के लिए हाईकोर्ट से यथास्थिति के आदेश प्राप्त किया है। इस भूमि के 420 बीघा में गणेश राम आदि पूर्व से ही काबिज हैं। शेष भूमि में जंगल-झाड़ी है। बावजूद इसके तत्कालीन एसडीएम ने 55 पट्टे जारी कर दिए थे। शासन स्तर पर हुई कार्रवाई के तहत एसडीएम को सस्पेंड कर जारी पट्टे डीएम ने खारिज कर दिए थे। इस मामले में गणेश राम आदि ने हाईकोर्ट से यथास्थिति के आदेश पर कैंसिल पट्टों वाली जमीन को अपना बताकर उसकी घेरबाड़ के लिए झाड़ियां काटी जा रही हैं।

Related posts