
शिमला। कांग्रेस के भीतर चल रही धींगामुश्ती फि र दिल्ली पहुंच गई है। घुमारवीं के कांग्रेस विधायक राजेश धर्माणी का मुख्य संसदीय सचिव पद से इस्तीफा मंजूर करने से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोमवार को दिल्ली जा सकते हैं। दिल्ली में सलाह मशविरे के बाद ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह राजेश धर्माणी के इस्तीफे को मंजूर करने को लेकर कोई फैसला ले सकते हैं।
कांग्रेस के विश्वस्त सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोमवार को दिल्ली जा सकते हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर राजेश धर्माणी के इस्तीफे पर विचार-मंत्रणा कर सकते हैं। इसके अलावा चुनावी नतीजों से पहले हिमाचल की स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। वीरभद्र सिंह के अलावा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी दिल्ली रवाना हो सकते हैं। मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी के भी सोमवार को दिल्ली जाने की संभावना बताई जा रही है। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा पहले से ही दिल्ली में हैं। यह विशेष है कि राजेश धर्माणी ने शनिवार को मुख्य संसदीय सचिव पद को असंवैधानिक बताते हुए इससे इस्तीफा दे दिया था।
बॉक्स
डिनर में भी जाएंगे प्रमुख नेता
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता दिल्ली में 14 दिसंबर को डिनर पर भी जा सकते हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित प्रदेश के अन्य नेता शामिल हो सकते हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ओर से चुनावी नतीजों से पहले सभी राज्यों के प्रमुख कांग्रेस नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। डिनर से एक दिन पहले ही अधिकतर नेता दिल्ली पहुंचने शुरू होे जाएंगे।
