
रुद्रपुर। शरीर का तापमान सामान्यता 98.4 डिग्री फारेनहाइट होता है। शरीर के तापमान का गिर जाना हाइपोथरमिया कहलाता है। इसका समय पर उपचार न होने से रोगी की मौत तक हो सकती है। जिला अस्पताल के एमएस डा.एलएम उप्रेती के मुताबिक कुदरती तौर पर शरीर का तापमान रेगुलेट करने के लिए जटिल भौतिक और रासायनिक प्रक्रियाएं होती हैं। अधिक ठंड हो तो हाइपोथरमिया होने की संभावना बढ़ जाती है। डा.उप्रेती ने ठंड से बचने के साथ ही सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि ठंड में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलना चाहिए। बाहर निकलते समय गर्म वस्त्र पहनें के साथ ही गर्म पेय पदार्थों का भी सेवन करना चाहिए। उन्होंने ठंड लगने पर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी है।
