
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के हवाणी निवासी सैनिक जुगल किशोर की ड्यूटी के दौरान मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। जुगल किशोर (32) पुत्र स्व. श्रवण सिंह नौ डोगरा रेजीमेंट में इंफाल में कार्यरत था, जहां से उसकी मौत का परिजनों को समाचार मिला है।
जानकारी के अनुसार जुगल किशोर 28 मई 2001 को भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। वर्तमान समय मेें सिपाही के पद पर तैनात था। नौ डोगरा रेजीमेंट के कमांडिंग आफिसर दिनेश सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे जुगल ने पेट एवं छाती में दर्द बताया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकाें ने उसे बचाने की कोशिश की, मगर नहीं बचा सके। सीओ ने बताया कि सैनिक के शव का इंफाल सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वीरवार तक मृतक का शव उसके पैतृक गांव हवाणी पहुंच जाएगा। इधर, जुगल किशोर की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक सैनिक अपने पीछे पत्नी, चार वर्षीय बेटा तथा बूढ़ी मां को छोड़ गया है।
