
धर्मशाला

हिमाचल के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र की एक युवती के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद गगल एयरपोर्ट और स्पाइस जेट की फ्लाइट में आने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन कांगड़ा अब स्पाइस जेट की फ्लाइट में युवती के साथ आने वाले यात्रियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग करने में जुट गया है। कांटेक्ट ट्रेसिंग के बाद स्पाइस जेट की 26 मई को आने वाली फ्लाइट के सभी यात्रियों के कोरोना के सैंपल लिए जाएंगे। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने इसकी पुष्टि की है। शाहपुर उपमंडल की रहने वाली एक युवती 26 मई को स्पाइस जेट की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में गगल एयरपोर्ट तक आई थी। यह युवती दिल्ली के एक विश्वविद्यालय की छात्रा है। जिला प्रशासन ने इस युवती को होम क्वारंटीन किया था। लेकिन, इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब एयरपोर्ट और जिला प्रशासन चिंतित हो गया है।
जिला प्रशासन 26 मई को दिल्ली से कांगड़ा आने वाली स्पाइस जेट की फ़्लाइट में युवती के साथ आए यात्रियों की पहचान करने में जुट गया है। इसके बाद प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि कहीं एयरपोर्ट का कोई कर्मचारी को युवती के संपर्क में नहीं आया। कांटेक्ट ट्रेसिंग के बाद सभी हवाई यात्रियों के सैंपल लिए जाएंगे। युवती के संपर्क में आए परिजनों के सैंपल देर शाम ले लिए गए। वहीं, कांगड़ा उपमंडल के सुनेहड़ के कोरोना पॉजिटिव आए व्यक्ति के परिजनों के सैंपल भी देर शाम ले लिए गए। इसके अलावा जयसिंहपुर के भैरघट्टा गांव के कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति 30 मई को टैक्सी में घर आया था। टैक्सी में व्यक्ति के साथ 3 और लोग दिल्ली से आए थे। 3 लोगों के सैंपल भी पहले ही ले लिए गए थे। उनमें से 2 की रिपोर्ट निगेटिव और एक की रिपोर्ट पेंडिंग है। इसके अलावा इस व्यक्ति के परिजनों के सैंपल भी देर शाम लिए गए जिनकी रिपोर्ट एक या दो दिन में आएगी।
