
नूरपुर (कांगड़ा)। प्रदेश की खड्डों में खनन पर प्रतिबंध लगाने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ संघर्षरत ट्रैक्टर मालिकों का आंदोलन शुक्रवार को छठे दिन में प्रवेश कर गया। नूरपुर क्षेत्र के ट्रैक्टर मालिक छह दिन से चौगान स्टेडियम में धरने पर बैठे हैं। इनमें शामिल करीब सवा दो सौ ट्रैक्टर मालिकों ने खनन पर प्रतिबंध के विरोध में अपने-अपने ट्रैक्टर चौगान स्टेडियम में खड़े कर रखे हैं।
ट्रैक्टर आपरेटर यूनियन के प्रधान गुलवंत सिंह ने बताया कि कांगड़ा, चंबा व हमीरपुर जिलों के ट्रैक्टर मालिकों की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को द्रमण में हुई है। इसमें यह निर्णय लिया गया है कि ट्रैक्टर मालिकों का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल रविवार को शिमला में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेगा तथा ट्रैक्टर मालिकों की खनन संबंधी जायज मांगों के बारे में अवगत करवाया जाएगा। इसमें ट्रैक्टर मालिकों के हित में एक अलग से खनन नीति बनाने की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने ट्रैक्टर मालिकों की मांगों को मानते हुए लिखित आदेश न दिया तो ट्रैक्टर मालिकों का आंदोलन और तेज हो सकता है। अगले चरण में ट्रैक्टर मालिक चक्का जाम करने का कठोर निर्णय ले सकते हैं। इस मौके पर ट्रैक्टर आपरेटर दलजीत पठानिया, सुनील, रिक्की, अजय कुमार, राजकुमार, करतार, भूरि सिंह, राजीव सिंह, सुरेश कुमार व राजकुमार सहित अन्य ट्रैक्टर मालिकों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
