
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में अग्निशमन केंद्र खोलने का मुद्दा विधानसभा सत्र में गूंजने के बाद भी ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। अग्निशमन केंद्र खोलने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है। लेकिन इसे स्वीकृति नहीं मिल पाई। केंद्र नहीं होने के कारण घुमारवीं विकास खंड में हर साल लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो जाती है। घुमारवीं क्षेत्र की जनता घुमारवीं में अग्निशमन केंद्र खुलने का इंतजार कर रही है। लेकिन इस मांग को अभी तक कोई भी सरकार पूरा नहीं कर पाई। यहां पर यदि कोई आगजनी घटना घट जाती है, तो कई बार अग्निशमन केंद्र बिलासपुर से दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही लोगों की संपत्ति जलकर राख हो जाती है। बिलासपुर से घुमारवीं पहुंचने तक ही दमकल वाहन को करीब 15 मिनट तक का समय लग जाता है। लेकिन यदि क्षेत्र के अन्य दूरदराज स्थानों में आगजनी की घटना घटती है, तो दमकल वाहन को पहुंचने में कितना समय लगेगा इसका अंदाजा स्वयं ही लगाया जा सकता है। बहरहाल अभी तक घुमारवीं में अग्निशमन केंद्र का प्रस्ताव अधर में ही लटका हुआ है।
अतिरिक्त अग्निशमन अधिकारी पिनाम सिंह ने बताया कि इस बारे में प्रपोजल आला अधिकारियों को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही अग्निशमन केंद्र खोल दिया जाएगा।
कोड्स -सचित्र
जल्द केंद्र खोलें
अग्निशमन केंद्र नहीं होने के कारण घुमारवीं में हर साल लाखों की सपंत्ति जलकर राख होती है जल्द से जल्द घुमारवीं में अग्निशमन केेंद्र खोला जाना चाहिए।…..सुमन चंदेल।
सुविधा मिलेगी
अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग जनता लंबे समय से कर रही है। लेकिन अभी तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। अग्निशमन केंद्र खुलने से सुविधा मिलेगी।…संतोष कुमार।
प्रयास करने चाहिए
सरकार को प्राथमिकता के आधार पर घुमारवीं में अग्निशमन केंद्र खोलने को प्रयास करने चाहिए, ताकि जनता को समस्या नहीं उठानी पड़े।…..कृष्ण दास।
मांग पूरी नहीं
लंबे समय से क्षेत्र की जनता घुमारवीं में अग्निशम केंद्र खोलने की मांग कर रही है। लेकिन अभी तक लोगों की यह मांग पूरी नहीं हो पाई है।…. जीतराम ठाकुर।
