
शिमला। पहाड़ों की रानी शिमला में ‘अली बाबा चालीस चोर’ पहुंच गए हैं। 24 घंटे के भीतर जेब कटने की तीन घटनाओं से राजधानी में सनसनी फैल गई है। पुलिस का दावा है कि जेब कतरा गिरोह बाबाओं और भिखारियों के भेष में पहुंचा है। ओवरलोड बस में सफर के दौरान महिला के पर्स से करीब तीन लाख की ज्वेलरी उड़ाने के मामले में एसपी कार्यालय में मंगलवार को 40 लोगों की शिनाख्त परेड करवाई गई। सभी मध्य प्रदेश के छतरपुर के हैं। इनमें तीस महिलाएं और दस पुरुष शामिल हैं। संदेह के आधार पर इन्हें सदर पुलिस पूछताछ के लिए लाई थी। दूसरी ओर पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को संजौली में पकड़ा जो वारदात के समय बस में सफर कर रही थीं। पीड़ित महिला ने भी इनमें से एक की शिनाख्त की लेकिन इनसे सामान बरामद न हो पाने के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई।
——-
पर्स में थे सात लाख रुपये के गहने
नॉर्थ आक संजौली की रहने वाली महिला अंजू भोटका ने बैंक में ज्वेलरी के लिए लॉकर खोला है। कुछ दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने के लिए जेवर बैंक से निकाले थे। इन्हें वापस लॉकर में रखना था। संजौली बस स्टाप से लक्कड़ बाजार जाने वाली बस में सवार हो गईं। जेब कतरों ने पर्स की दो जेबें काट लीं। इनमें से तीन लाख के गहने और 70 हजार रुपये निकाल लिए। पर्स की दो जेबें सलामत रहीं। इनमें भी गहने थे। पुलिस के मुताबिक महिला के पर्स में करीब सात लाख के गहने थे। जेबकतरे के हाथ हीरे की दो अंगुठियां और अन्य जेवरात आए।
शहर में जेबकतरा गिरोह सक्रिय
शहर में बाहरी राज्य से जेब कतरा गिरोह आया है। गिरोह में महिला, पुरुष और बच्चों समेत चालीस से पचास लोग काम कर रहे हैं। ये भीड़भाड़ वाली जगहों पर लोगों की जेब काटने की फिराक में रहते हैं। पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क कर दिया है।
ऐसे काम करता है गिरोह
गिरोह के दो से तीन सदस्य एक साथ काम करते हैं। एक जेब काटता है और सामान निकालकर तुंरत दूसरे साथी के हवाले कर देता है। वह तीसरे के हाथ सामान देकर वहां से उसे फरार हो जाता है। शक के आधार पर मौके पर तलाशी हुई तो आरोपियों से कुछ नहीं मिलता। तब तक उनका साथी सामान ठिकाने तक पहुंचा देते हैं।
अजमेर शरीफ जाना है तो शिमला कैसे पहुंचे
जेब कटने की घटनाओं के बाद शिमला पुलिस ने सभी संदिग्धों पर नजर रखना शुरू कर दिया। बाहरी राज्य की एक बस को रोका गया। इसमें 40 यात्री थे। इनसे पूछा गया कि कहां जाना है तो जवाब मिला कि वह अजमेर शरीफ जा रहे हैं। इस पर पुलिस को संदेह हुआ। पीड़ित महिला के बताए गए हुलिए से मेल खाती कुछ महिलाएं भी बस में सवार थीं। लिहाजा सभी को मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एसपी कार्यालय बुलाया गया था।
क्या कहता है पुलिस प्रशासन
एसपी अभिषेक दुल्लर ने कहा कि जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कई संदिग्धों को पकड़ कर पूछताछ चल रही है।
