हर माह होगा दुग्ध उत्पादकों का भुगतान : चेतराम

गोहर (मंडी)। मिल्क फेडरेशन के निदेशक ठाकुर चेतराम ने कहा है कि अब हर माह दुग्ध उत्पादकों का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस बारे में सख्त निर्देश जारी किए हैं कि दुग्ध उत्पादकों का भुगतान कतई रोका न जाए। किसानों को पहले पशु आहार बाहर से मंगवाना पड़ता था। अब प्रथम सितंबर से मंडी जिला के जाहू में कैटल फीड तैयार की जा रही है। जहां से प्रदेश भर के लिए आपूर्ति की जाएगी। फीड की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी दुग्ध एकत्रीकरण केंद्रों में फीड पहुंचाई जाएगी। चेतराम ने कहा कि दीपावली से पहले मिल्क फेडरेशन अच्छी मिठाइयां बाजार में उतारेगा। शूगर फ्री मिठाइयां भी मिल्क फेडरेशन तैयार करेगा। जिसे दीपावली से पहले पर पूरे प्रदेश में उतारा जाएगा। गर्मियों में चारे के संकट से बचने के लिए ऊना में मिनरल मिक्सर से चारा तैयार किया जाएगा। इस मौके पर सराज कांग्रेस के राजेंद्र शर्मा, लाभ चंद शर्मा, नाचन युकां के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता नाचन चमन उपमन्यु, चच्योट के उपप्रधान महेंद्र वर्मा, बीडीसी सदस्य बाहवा यदोपति समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts