
धर्मशाला। मैकलोडगंज के पास स्थित कजलोट पंचायत में भूस्खलन से प्रभावितों की सहायता के लिए घटना के दूसरे दिन प्रदेश सरकार ने हाथ बढ़ाए हैं। सरकार ने प्रभावितों के रहने के लिए स्थानीय चामुंडा मंदिर की सराय में व्यवस्था कर दी है। प्रत्येक प्रभावित परिवार को 75 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई है। वीरवार को परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। बाद में पत्रकार वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि हादसे में सभी प्रभावितों को प्रदेश सरकार की ओर से उचित स्थान पर घर निर्माण के लिए भूमि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इसके अलावा प्रभावितों के हर परिवार को सराय में एक कमरा मुहैया करवाया जाएगा। अन्य व्यवस्था न होने तक प्रभावित परिवार चामुंडा स्थित सराय में रह सकते हैं। इस मौके पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त सी पालरासु, एडीएम राकेश शर्मा, एसडीएम डॉ. हरीश गज्जू समेत वन विभाग से धर्मशाला डिविजन की डीएफओ वासु कौशल भी मौजूद रहीं।
