हर चुनाव में मिला सेंट्रल स्कूल खोलने का लॉलीपाप

सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट में केंद्रीय विद्यालय खोलना मात्र चुनावी लॉलीपाप साबित हुआ है। हर चुनाव में सेंट्रल स्कूल खोलने के वायदे तो हुए हैं, मगर वायदे जमीनी स्तर पर सिरे नहीं चढ़े। लोगों का कहना है कि उपचुनाव में वे उस दल के प्रत्याशी को समर्थन देंगे, जो सेंट्रल स्कूल खोलने का ठोस आश्वासन देगा।
पिछले दो दशक से सरकाघाट क्षेत्र में सेंट्रल स्कूल खोलने की मांग उठ रही है। वोट के लिए सियासी दल भी हर चुनाव में सेंट्रल स्कूल खोलने का लॉलीपाप देते रहे। चुनाव जीतने के बाद लोगों की उक्त मांग सिरे नहीं चढ़ी है। राजकीय महाविद्यालय व कन्या पाठशाला के पास केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन भी तलाशी गई। उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरकाघाट वीरों की भूमि रही है। यहां से कई सैनिक सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं। कई सैनिक देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है।
रिटायर्ड कैप्टन बीर सिंह, कमलेश कुमार, बिहारी लाल, सूबेदार जय सिंह, हिमाचल किसान यूनियन के प्रधान भूप चंद ठाकुर, स्वयं सेवी संस्था मशाल की अध्यक्ष प्रेम कुमारी, अमर सिंह, बलवीर सिंह, हरि राम, नेक राम, कांशी राम व लेखराज आदि का कहना है कि चुनाव के समय सियासी दलों को सेंट्रल स्कूल खोलने का सब्जबाग दिखाते हैं। पिछले दो दशकों से राजनीतिक दल सेंट्रल स्कूल खोलने के लिए चुनावी वायदे करते आ रहे हैं, मगर आज तक क्षेत्र में सेंट्रल स्कूल का तोहफा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस बार वे उसी दल के प्रत्याशी को वोट देंगे, जो सेंट्रल स्कूल खोलने का ठोस आश्वासन देगा।

बाक्स
सरकाघाट में सैनिकों के लिए सीएसडी कैंटीन, सैनिक विश्राम गृह व ईएसएच अस्पताल कांग्रेस पार्टी ने ही खुलवाए हैं। चुनाव जीतने के बाद जनता की सेंट्रल स्कूल खोलने की मांग को पूरा करूंगी। -कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह।

बाक्स
क्षेत्रवासियों की इस मांग से पूर्णतया सहमत हूं। चुनाव जीतने के बाद संसद में इस मामले को प्रमुखता से उठाएंगे तथा केंद्रीय विद्यालय खोलने का पूरा प्रयास करेंगे। -भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर।

Related posts