
पधर (मंडी)। द्रंग विधासभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुन्नू के अंतर्गत हरड़गलू में सात दिवसीय नलवाड़ मेला बुधवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने की। कौल सिंह ने कहा कि नलवाड़ मेला आज के बदलते परिवेश में अपनी अलग पहचान रखता है। इनके आयोजन से लोगों को पशु क्रय-विक्रय के अवसर मिलते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे पाश्चात्य सभ्यता की चकाचौंध की ओर आकर्षित न होकर अपनी समृद्ध धार्मिक संस्कृति और रीति- रिवाज से रूबरू होकर इसके संरक्षण में सहभागिता सुनिश्चित बनाएं।
कहा कि पदवाहन-मोडधार-कुफरी पेयजल योजना पर 2 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत कुन्नू और डलाह की छूटी बस्तियों के लिए 2 करोड़ 4 लाख की पेयजल योजना मंजूर की गई है। कुफरी पंचायत की पेयजल सुविधा से वंचित बस्तियों के लिए 17 लाख 77 हजार की योजना स्वीकृत की गई है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मेला कमेटी को अपनी ऐच्छिक निधि से दस हजार देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत और मेला कमेटी के प्रधान दलीप सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य कुलदीप शर्मा, द्रंग कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, एसडीएम पधर विनय मोदी, जिला कांग्रेस महामंत्री वामन देव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी हेमंत कपूर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एनके शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
