
उत्तरकाशी। उरेडा की ओर से हर्षिल में कैंप लगाकर ग्रामीणों को सोलर लालटेन वितरित की गई। नब्बे फीसदी अनुदान पर महज तीन सौ रुपये में लालटेन मिलने से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान जीआईसी हर्षिल की छात्राओं को साइकिल की प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई। शिविर में संसदीय सचिव गंगोत्री विधायक विजयपाल सजवाण ने अधिकारियों को जनसमस्याएं निस्तारित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने बताया कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने को कहा।
ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक खाद्यान्न वितरण प्रणाली में गड़बड़ी की शिकायत पर उन्होंने जिला विकास अधिकारी को जांच के आदेश दिए। विधायक ने बताया कि हर्षिल-बगोरी मोटर मार्ग स्वीकृत हो गया है। मुखबा-जांगला मोटर मार्ग का भी शीघ्र निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, कलम सिंह राणा, गोपाल सिंह रावत, गायत्री सेमवाल, भारती चौहान आदि मौजूद थे।
