हर्षवर्धन होंगे दिल्ली में बीजेपी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार

हर्षवर्धन होंगे दिल्ली में बीजेपी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार

नई दिल्ली: दिल्ली में आज बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक खत्म हो गई हैं। दिल्ली में शीला के सामने बीजेपी के सीएम पद के उम्मीदवार के रूप में हर्षवर्धन को खड़ा किया गया हैं। बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने विजय गोयल की तारीफ में कहा कि हर्षवर्धन ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अच्छा काम किया हैं। बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा कि सर्वसम्मति से हर्षवर्धन के नाम का ऐलान किया गया हैं। विजय गोयल ने भी हर्षवर्धन के नाम पर अपनी सहमति जताई हैं। लालकृष्ण आडवाणी ने हर्षवर्धन को सीएम प्रत्याशी बनाए जाने पर बधाई दी और कहा कि विजय गोयल ने भी पार्टी के संसदीय बोर्ड का फैसला माना हैं।

हर्षवर्धन को लाने का फैसले के पीछे बीजेपी का मकसद दिल्ली के सीएम पद की उम्मीदवारी के लिए एक ऐसा व्यक्ति चुनना था, जिसकी इमेज क्लीन हो और जिसकी ईमानदारी पर विरोधी दल भी उंगली न उठा पाएं। इसलिए बीजेपी ने इसके लिए हर्षवर्धन को लाने का फैसला किया है। वहीं माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से महज डेढ़ महीने पहले बीजेपी द्वारा सीएम उम्मीदवार घोषित करने के फैसले के पीछे दो बड़ी वजहें हो सकती हैं।

पहली, आम आदमी पार्टी के असर को कम करना। दूसरी, क्लीन इमेज के नेता को पार्टी के चेहरे के रूप में पेश करना। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी मान रही है कि अरविंद केजरीवाल सीधे-सीधे कांग्रेस को फायदा पहुंचाएंगे। इसलिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की लड़ाई के बीच बीजेपी पिछड़ती लग रही थी। सूत्रों की मानें तो ईमानदार छवि वाले हर्षवर्धन के नाम पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और नरेंद्र मोदी ने भी सहमति जता दी है।

गौरतलब है कि हर्षवर्धन राष्ट्रीय स्वयं संघ के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। 1993 में दिल्ली की कृष्णानगर सीट से हर्षवर्धन ने चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। हर्षवर्धन दिल्ली की पहली विधानसभा के सदस्य बने और बीजेपी सरकार में स्वास्थ्य और कानून मंत्री रहे। 1996 में उन्हें शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद 1998, 2003 और 2008 में हर्षवर्धन कृष्णानगर सीट से ही चुनाव जीते हैं। नेता के साथ-साथ एक डॉक्टर के तौर पर भी हर्षवर्धन खासे कामयाब हैं। हर्षवर्धन ने ही सबसे पहले दिल्ली में पोलियो रोकने के कार्यक्रम की शुरुआत की थी। पोलियो कार्यक्रम पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी हर्षवर्धन की तारीफ कर चुके हैं।

Related posts