हरोली को तोहफों की बरसात

दुलैहड़/हरोली/ऊना। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रविवार को हरोली हलके के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने कई शिलान्यास करने के साथ कई तोहफे भी दे डाले। हरोली में एसडीएम दफ्तर खुलने की घोषणा पर पंडाल में खूब तालियां बजीं। लोगों को अब ऊना के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हरोली में एसडीएम दफ्तर खुलते ही ऊना जिले में चार सब डिवीजन हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने ऊना जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान हरोली विधानसभा क्षेत्र में 350 करोड़ रुपये लागत की सात विकास योजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुलैहड़ को स्तरोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य कें द्र बनाने, हरोली के खड्ड में विद्युत उपमंडल आरंभ करने, हरोली में निजी क्षेत्र में मेडिकल कालेज, पंडोगा में ओबीसी भवन तथा दुलैहड़ में स्कू ल भवन की घोषणा की। उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय कु ठाड़ बीत को स्तरोन्नत कर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करने की भी घोषणा की। राजकीय उच्च पाठशाला बटकलां को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तथा माध्यमिक पाठशाला भदोड़ी को उच्च पाठशाला करने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने सिंगा में 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले फूड पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने 5.50 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण शोध स्वास्थ्य केंद्र, 13.28 करोड़ रुपये की लागत से हरोली में बनने वाले मिनी सचिवालय भवन, टाहलीवाल में 4.50 करोड़ की अनुमानित लागत से श्रम छात्रावास एवं 2.18 करोड़ रुपये की लागत से ईएसआई अस्पताल की आधारशिला भी रखी। पूबोवाल में 5.32 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई भवन तथा दुलैहड़ में 2.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बस अड्डे का शिलान्यास भी किया।

लोग बोले, सीएम ने पूरी की मांग
दुलैहड़ गांव से अवतार सिंह, जिप सदस्य अमनदीप मोनी, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष नक्षत्र सिंह, दुलैहड़ के प्रधान सुभाष चंद, उपप्रधान रणदेव सिंह, हीरा नगर की प्रधान सुरेंद्र कौर, कश्मीर कौर, गुरमेल सिंह, सुरेंद्र सिंह, मास्टर राजकुमार, सुशील ठाकुर, मुनीष राणा, रणदीप सिंह, परमजीत, नरेंद्र कुमार, विजय कुमार, अमित कुमार, जग्गा, रविंद्र कुमार, बढेड़ा के रवि, सोनू, विपिन, पिंका, राजू आदि ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हरोली में एसडीएम कार्यालय की घोषणा करके लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की।

Related posts