
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। चिनाब पर प्रस्तावित दर्जनों विद्युत परियोजनाओं की चर्चा के बीच शीत मरुस्थल को हराभरा करने के लिए वन विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं। लाहौल वन मंडल ने रोहतांग दर्रा से सटे डोहनी क्षेत्र में हजारों पेड़ लगाए हैं। विभाग ने यहां करीब बीस हेक्टेयर क्षेत्र में 22 हजार वाइल्ड बिलो के पौधे रोपे हैं। अक्सर शून्य से नीचे तापमान रहने के बावजूद यहां पौधारोपण को मिली सफलता से वन विभाग की टीम भी खुश ही।
विधायक रवि ठाकुर ने इस क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विभाग की टीम की सराहना की। रोहतांग से सटे इस ऊंचाई वाले क्षेत्र पर पौधा रोपण नब्बे फीसदी सफल रहा है। उन्होंने विभाग को घाटी के अन्य बंजर क्षेत्रों में भी पौधारोपण के निर्देश दिए हैं। वन मंडल लाहौल के तहत सिस्सू बीट के प्रभारी अमीर चंद ठाकुर ने बताया कि विभाग ने केमपा के तहत वर्ष 2012-13 में वाइल्ड बिलो प्रजाति के 22 हजार पौधे रोपे हैं।
विभाग के फील्ड स्टाफ और अधिकारियों के सहयोग से विषम परिस्थितियों में भी करीब 90 प्रतिशत पौधे कामयाब होना बड़ी बात है। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि घाटी में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसके लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लाहौल वन मंडल अधिकारी हीरालाल राणा समेत वन परिक्षेत्र अधिकारी शेरचंद ठाकुर, डिप्टी रेंजर नाथू राम, सिस्सू बीट प्रभारी अमीर चंद ठाकुर और कोकसर बीट वन रक्षक बिंदर की पीट थपथपाई है। इससे पहले भी विधायक ने कारदंग प्लांटेशन एरिया समेत सिस्सू स्थित वन नर्सरी का निरीक्षण किया था।
