
बैजनाथ (कांगड़ा)। 70 रुपये के बैंक ड्राफ्ट के साथ छेड़छाड़ करके सात लाख बनाने वाले फर्जी मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने बैंक से हरियाणा के पलवल निवासी राजू का रिकार्ड जब्त कर लिया है। अब आगामी दो तीन दिन में तफ्तीश के लिए हरियाणा के लिए पुलिस दल रवाना होगा। शनिवार को स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा के प्रबंधक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत की गई थी कि पलवल के राजू ने नाहन स्थित स्टेट कोऑपरेटिव बैंक से 70 रुपये का बैंक ड्राफ्ट केसीसी बैंक की स्थानीय शाखा के नाम बनवाया था। बैंक ड्राफ्ट में अंकित संख्या से छेड़छाड़ करके इसे सात लाख में तबदील कर दिया था।
केसीसी में खाता न होने के कारण यह रकम स्टेट बैंक में व्यक्ति के खाते में जमा हो गई थी। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बैंक से आवश्यक दस्तावेज ले लिए हैं। जल्द ही पुलिस दल पलवल के लिए रवाना होगा।
