हरिपुर में फिर हाई वोल्टेज का तांडव

हरिपुर (चंबा)। लगातार दूसरी बार हरिपुर गांव में बिजली की वोल्टेज बढ़ने से स्थानीय निवासियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार वीरवार शाम चार बजे के करीब जैसे ही गांव की लाइट आई, एक फेज में वोल्टेज अचानक बढ़ने के कारण कई घरों के विद्युत उपकरण, बिजली के मीटर और वायरिंग जल गई। इससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ज्ञात रहे कि मंगलवार को गांव से गुजर रही 11 केवी की हाई वोल्टेज लाइन घरों की सप्लाई लाइन पर गिरने से कई घरों के विद्युत उपकरण जल गए थे। इससे गांव का ट्रांसफार्मर भी जल गया था। इसके बाद विद्युत बोर्ड ने ट्रांसफार्मर को ठीक करके बिजली बहाल कर दी थी, मगर यह ठीक ढंग से नहीं दुरुस्त हो पाया था। वीरवार सुबह छह बजे के करीब बिजली बंद हो गई थी। इसके बाद ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए कर्मचारी तैनात किए थे। इन्होंने अढ़ाई बजे के करीब जैसे ही ट्रांसफार्मर ठीक करके सप्लाई ऑन की तो गांव की एक सप्लाई लाइन में वोल्टेज बढ़ गई और कई घरों के विद्युत उपकरण जलने लगे। करीब एक मिनट में ही कई उपकरण जल गए। वोल्टेज बढ़ने से लेखराज पुत्र प्यार चंद, किशोरी पुत्र प्यार चंद, पवन पुत्र धर्मचंद, धर्मचंद पुत्र मनसा राम, जोनी पुत्र जयचंद, बालकृष्ण पुत्र ज्ञान चंद, सन्नी पुत्र राकेश , कुलदीप पुत्र पुन्नू राम, कमलेश पुत्र गोपी प्रसाद, बंटी पुत्र बालकृष्ण, सुभाष पुत्र बालकृष्ण और बंटी सहित करीब डेढ़ दर्जन घरों के विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। इनमें कुछ के मीटर और वायरिंग जली है। साथ ही कुछ घरों के टीवी और पंखे भी जल गए हैं। नरेश कुमार के घर में तो वायरिंग जलने से आग की चिंगारियां बेड पर गिर गईं और गद्दे में आग लग गई, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, लेखराज बड़ोत्रा की वायरिंग जलने से उनका लकड़ी से बना घर जलते-जलते बचा। उस समय घर पर महिलाएं ही थीं, मौके पर एक केबल ठीक करने वाला लड़का मौजूद होने के कारण उसने जान का जोखिम उठाकर वायरिंग को दबाए रखा, जिससे आग लकड़ी तक नहीं पहुंच पाई।
भारी पड़ने लगी ठेकेदारी प्रथा
ग्रामीणों के अनुसार विद्युत बोर्ड में ठेेकेदारी की प्रथा के चलते इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पहले तो मंगलवार को हुए हादसे के बाद से यहां की विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई। वीरवार को ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए कर्मी तैनात किए गए, तो उन्होंने न जाने क्या गड़बड़ी कर दी, जिससे वोल्टेज ही बढ़ गई। इसके अलावा घरों में लगाए गए महंगे ट्रिपिंग सिस्टम भी काम नहीं कर पाए। ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि वे उपभोक्ता न्यायालय में विद्युत बोर्ड और ट्रिपिंग सिस्टम बनाने वाली कंपनियों को ले जाकर मुआवजे की मांग करेंगे। साथ ही उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को मौके का मुआयना कर उनके नुकसान का आकलन करने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
बाक्स
जीओ स्विच ब्लास्ट होने से बढ़ी वोल्टेज : एसडीओ
विद्युत बोर्ड के एसडीओ दीपक वर्मा ने बताया कि जरनल आफ स्विच ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि वीरवार को ट्रांसफार्मर की रिपेयर की की जा रही थी। इस दौरान जैसे ही सप्लाई शुरू की गई जीओ स्विच ब्लास्ट कर गया और वोल्टेज बढ़ गई। उन्होंने कहा कि इससे हुए नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी जाएगी।

Related posts