
चंबा। अभी प्लयूर हादसे के जख्म भरे नहीं थे कि हरिपुर में मंगलवार सुबह 11 केवी की विद्युत लाइन अचानक टूट कर नीचे गुजर रही 240 वोल्ट की सप्लाई लाइन पर गिर गई। इस कारण आसपास के घरों के विद्युत उपकरण, वायरिंग और स्विच अचानक हजारों वोल्ट का करंट आने से जल गए। यहां 11केवी लाइन का करंट प्रवाह घरों की सप्लाई लाइन में कुछ ही सेकंड तक रहा। इसके चलते एक और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरिपुर वासी इसलिए भी भाग्यशाली रहे कि जब 11 केवी की लाइन टूट कर घरों की सप्लाई लाइन को छूते हुए नीचे खेतों में आ गिरी। इस दौरान खेतों में कोई नहीं था। इसके अलावा 11 केवी लाइन के नीचे गिरने से इसका ज्वाइंट भी टूट गया, जिससे करंट का प्रवाह बंद हो गया था। वहीं घरों की सप्लाई लाइन में एक दम 11 केवी का करंट दौड़ते ही ट्रांसफार्मर में धमाका हुआ और फ्यूज उड़ गए। यह हादसा मंगलवार सुबह साढ़े 11 बजे के करीब हुआ। हाई टेंशन लाइन टूटने से आसपास के घरों में बिजली की वोल्टेज एक दम बढ़ गई और घरों की वायरिंग में आग लग गई। साथ ही विद्युत उपकरणों से धुआं निकलना शुरू हो गया। समय रहते हाई वोल्टेज प्रवाह बंद होने और लोगों के हड़बड़ी न दिखाने के चलते इस हादसे में हरिपुरवासी बाल-बाल बच गए। स्थानीय निवासी कमलेश कुमार और नरेश कुमार पुत्र गौरी प्रसाद ने बताया कि उनके घर की वायरिंग, बिजली का मीटर, एलसीडी और कंप्यूटर जल गए हैं। इसके अलावा बंटी पुत्र महिंद्र पाल, अशोक कुमार और प्रीतम सिंह पुत्र जसौर राम के घरों में रखे बिजली के उपकरण जल गए हैं। प्रिया ने बताया कि वह जब कमरे में बैठी थी, तभी अचानक एक जोर की आवाज हुई। फिर उनके कमरे के पंखों से आग की चिंगारी निकलने लगी। इससे वे काफी डर र्गइं और बच्चों के साथ घर के बाहर चली गई। उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ दीपक वर्मा ने 11केवी लाइन के बीच से टूटने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, बोर्ड के एक्सईएन एमएल शर्मा ने बताया कि तार टूटने के कारणों की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
