हमास की कैद से 471 दिनों बाद रिहा हुई ये तीन महिला बंधक, इस्राइली सेना को शक करवाया मेडिकल चेकअप

हमास की कैद से 471 दिनों बाद रिहा हुई ये तीन महिला बंधक, इस्राइली सेना को शक करवाया मेडिकल चेकअप

इस्राइल और हमास के बीच रविवार को गाजा पट्टी में संघर्षविराम लागू हो गया है। इससे बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई और पिछले 15 महीने से जारी विनाशकारी संघर्ष के खात्मे की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इस बड़ी कूटनीतिक जीत में तीनों इस्राइली बंधकों को गाजा में आईडीएफ को सौंप दिया गया है। वहीं, दूसरी ओर, सूत्रों ने बताया कि  रेड क्रॉस प्रतिनिधिमंडल ने समझौते के तहत रिहा होने वाले फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच ओफर जेल में प्रवेश किया है। बता दें कि गाजा में बंद तीन बंदियों के बदले में कुल 90 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा। इनमें महिलाओं और बच्चों को रिहा किया जाएगा।

प्रारंभिक चिकित्सा मूल्यांकन किया गया
समझौते के तहत हमास की ओर से रिहा की गई तीनों महिला बंधकों को रेड क्रॉस ने इस्राइली सेना को सौंप दिया। संघर्षविराम के लागू होते ही संघर्ष वाली जगहों पर जश्न मनाया गया और कुछ फलस्तीनी अपने घरों की ओर लौटते देखे गए। इस्राइली सेना ने बताया कि हमास की ओर से रिहा की गई तीनों महिला बंधकों को रेड क्राॅस ने गाजा में आईडीएफ और आईएएस बलों को सौंप दिया है। 471 दिन से बंधक इन महिलाओं के इस्राइल लौटने पर मेडिकल जांच कराई गई।

बाइडन बोले- शांत हुई गाजा में बंदूकें
वहीं, बंधकों की रिहाई के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी बयान जारी किया। बाइडन ने कहा कि गाजा में बंदूकें उस युद्धविराम समझौते के तहत शांत हो गई हैं जिसकी रूपरेखा उन्होंने मई में बनाई थी। 

छोड़े गए  बंधक

हमास ने तीन महिला बंधकों को छोड़ने की घोषणा की है। इस्राइल ने उनके नामों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन होस्टेज एंड मिसिंग फैमिली फोरम ने उनके नाम बताए हैं। इनमें रोमी गोनेन शामिल हैं। 23 वर्षीय नर्तकी को हमास के बंदूकधारियों ने नोवा संगीत समारोह से हमले के दिन अगवा कर लिया था। हाथ में गोली लगने से पहले उन्होंने अपने दोस्तों के साथ छुपने का प्रयास भी किया था। वह अपने परिवार के साथ फोन पर थीं, जब उन्होंने कहा था- मैं आज मरने जा रही हूं। डोरोन स्टीनब्रेचर (30) पशु चिकित्सा नर्स हैं। उन्हें किबुत्ज कफर अजा में घर से अगवा किया गया था। हमास के हमले के कुछ घंटों बाद उन्होंने अपने माता-पिता को फोन पर बताया था कि वह डरी हुई हैं। बंदूकधारी बिल्डिंग में घुस आए हैं। एमिली दामारी (28) एक ब्रिटिश-इस्राइली नागरिक हैं। उन्हें किबुत्ज कफर अजा से अपहरण कर लिया गया था। इससे पहले उनके हाथ व पैर में गोली लगी थी।

2014 में मारे गए इस्राइली सैनिक के अवशेष मिले
इस्राइल ने बताया कि उसने रविवार को 2014 में गाजा युद्ध के दौरान मारे गए अपने एक सैनिक के अवशेष बरामद किए हैं। ओरोन शॉल पिछले संघर्ष में मारा गया था और उसके अवशेष हमास के पास थे। शॉल और एक अन्य सैनिक हदर गोल्डिन के शव 2014 के युद्ध के बाद गाजा में ही रह गए थे। उनके परिवारों की तरफ से सार्वजनिक अभियान चलाए जाने के बावजूद उन्हें वापस नहीं किया गया था।

‘मंडराने लगा था संघर्ष विराम के लागू होने पर संकट’
हमास के तीन इस्राइली महिला बंधकों के नाम जारी करने में देरी से संघर्षविराम के लागू होने पर संकट मंडराने लगा था, लेकिन बाद में हमास के बंधकों के नाम जारी करने के साथ ही संघर्षविराम को लेकर बना गतिरोध खत्म हो गया। इस्राइल ने कहा कि गाजा में संघर्षविराम सुबह 11:15 बजे प्रभावी हो गया है। पहले संघर्षविराम को सुबह 8:30 बजे लागू होना था लेकिन लेकिन हमास की ओर से बंधकों की सूची जारी नहीं किए जाने के कारण इसमें करीब तीन घंटे की देरी हुई। इससे पहले इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हमास जब तक फलस्तीनी कैदियों के बदले में रिहा किए जाने वाले तीन बंधकों की सूची नहीं दे देता, तब तक गाजा में संघर्षविराम प्रभावी नहीं होगा।

संघर्ष को खत्म करने की दिशा में पहला कदम
यह संघर्षविराम संघर्ष को खत्म करने और हमास के 7 अक्तूबर, 2023 के हमले में अपहृत करीब 100 बंधकों को वापस लाने की दिशा में पहला कदम है। अमेरिका, कतर और मिस्र के एक वर्ष की गहन मध्यस्थता के बाद पिछले सप्ताह संघर्षविराम समझौते की घोषणा की गई थी। संघर्षविराम के 42 दिवसीय प्रथम चरण में गाजा से कुल 33 बंधकों को वापस लाया जाएगा तथा सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों और बंदियों को रिहा किया जाएगा।

इस्राइल के हमले में आठ की मौत

संघर्षविराम के लागू होने से ठीक पहले दक्षिणी शहर खान यूनिस में इस्राइल के हवाई हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। नासेर अस्पताल ने रविवार के हमले में हताहतों की पुष्टि की। फलस्तीन की ओर से दावा किया गया कि हमला संघर्षविराम के प्रभावी होने के करीब दो घंटे बाद हुआ।

नेतन्याहू को झटका, सहयोगी दल ने छोड़ी सरकार

गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे बेंजामिन नेतन्याहू को झटका लगा है। हमास के साथ संघर्षविराम के विरोध में यहूदी पावर पार्टी के नेता और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतमान बेन-ग्वीर की पार्टी के मंत्रियों ने सरकार से इस्तीफा दे दिया। यहूदी पावर पार्टी के जाने से गठबंधन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन गठबंधन में अस्थिरता आएगी। वहीं, वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच ने भी सरकार छोड़ने की धमकी दी है। स्मोट्रिच राष्ट्रवादी धार्मिक जायोनिज्म पार्टी के प्रमुख हैं।

Related posts