हफ्ते भर में ट्रैक पर लौटेगी कांगड़ा रेल

पपरोला (कांगड़ा)। पठानकोट तक सीधी रेल सेवा एक सप्ताह में बहाल हो सकती है। रेलवे सूत्रों के अनुसार कोपरलाहड़ के पास बरसात में भूस्खलन से ध्वस्त रेल ट्रैक को दोबारा बिछाने का काम अंतिम चरण में है। 7-8 दिन के भीतर जोगिंद्रनगर से पठानकोट तक ट्रेन चलाने को हरी झंडी दी जा सकती है।
रेल विभाग के सहायक मंडल अभियंता मंजीत गोयल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि विभाग ने पिछले सप्ताह ही रेल लाइन बिछाने का काम पूरा करके ट्रैक को रेलगाड़ियों के परिचालन के लिए फिट घोषित करने की तैयारी कर ली थी लेकिन बारिश के चलते कांगड़ा के पास एक बार फिर जमीन धंसने से इस कार्य में देरी हुई है। स्टेशन अधीक्षक गौतम चंद ने कहा कि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग से हरी झंडी मिलते ही पठानकोट के लिए सभी रेलगाड़ियां बहाल कर दी जाएंगी।

चुनिंदा रेलगाड़ियां ही चल रहीं
वर्तमान में जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेलमार्ग पर बैजनाथ-पपरोला से कांगड़ा तक महज 2 और पठानकोट से ज्वालामुखी रोड तक भी सीमित संख्या में रेलगाड़ियां चल रही हैं। पठानकोट तक सीधा रेल लिंक टूटने के बाद से रेल यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। अब बरसात का मौसम समाप्त होने पर रेल यात्रियों को पठानकोट तक सीधी रेल सेवा बहाल होने का इंतजार है।

Related posts