हत्या या नेचुरल डैथ गुत्थी उलझी

बद्दी (सोलन)। 38 वर्षीय विवाहिता रमन कौशल की मौत की गुत्थी उलझती नजर आ रही है। पत्नी की हत्या के आरोपों से घिरे पूर्व जोगेंद्रा बैंक के चेयरमैन संजीव कौशल अपने बचाव में मीडिया का सहारा लेे रहे हैं। वहीं मृतका के भाई अपनी बहन के लिए न्याय मांग रहे हैं। मौत पर छिड़े विवाद ने सोमवार शाम यू टर्न ले लिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान दोनों बच्चों ने अपनी मां की मौत को नेचुरल बताते हुए किसी पर शक जाहिर नहीं किया है।
मृतक महिला के पति संजीव कौशल ने बताया कि वह अपनी पत्नी की मौत के सदमे में अर्द्ध बेहोशी की हालत में था। पत्नी के परिजनों ने शव न जलाने को आगाह किया था। गांव वालों के कहने पर ही उसका अंतिम संस्कार किया गया। बद्दी के लोगों ने उन पर दबाव बनाया कि दिन छिपने से पहले ही संस्कार करना चाहिए जिसके चलते वह अपने ससुराल वालों का इंतजार नहीं कर पाया। हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दिन छिपने से पहले ही अंतिम संस्कार किया जा सकता है।
वहीं, मृतक महिला की 14 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि रविवार को दोपहर करीब दो बजे उसकी माता के सीने में दर्द उठा जिस पर उसके पूरे शरीर में पसीना आ गया था। उसने उसकी सूचना अपने पिता को दी। सूचना मिलते ही उसके पिता उसे पीजीआई ले जा रहे थे कि रास्ते में मुल्लापुर के समीप उसकी माता ने दम तोड़ दिया। मल्लपुर में एक निजी चिकित्सक के यहां चैकअप भी करवाया, जहां उसकी मां को मृत घोषित किया गया। वहीं मतृक महिला के 18 वर्षीय बेटे ने भी किसी पर कोई शक नहीं जताया है। वहीं मामले की जांच कर रहे डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिवार के लोगों को अलावा पड़ोस के लोगों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। वहीं फोरेंसिक एक्सपर्ट की सहायता से मृतक महिला के बेडरूम से बेड शीट, जिस गाड़ी में उसे पीजीआई ले जा रहे थे उसके सीट कवर को भी कब्जे में ले लिया है। सभी के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस फोरेंसिक एक्सपर्ट की सहायता से सुबूत एकत्रित करने में लगी हुई है। अभी तक किसी भी गिरफ्तारी नहीं की गई है।

Related posts