हत्या में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया जाए

बागेश्वर। खड़लेख गांव में कथित रूप से कार्डधारक की मौत के लिए जिम्मेदार सस्ता गल्ला विक्रेता की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। पीयूसीएल के पदाधिकारियों ने कहा कि कथित हमलावर कांग्रेस की न्याय पंचायत इकाई का अध्यक्ष होने के कारण सरकार उसे बचा रही है।
कपकोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत भनार गांव निवासी जसपाल सिंह की ओर से थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार छह अक्तूबर को उनके बड़े भाई जोहार सिंह के साथ खड़लेख में सस्ता गल्ला विक्रेता श्याम सिंह ने मारपीट की। अत्यधिक घायल हो जाने के कारण जोहार की अस्पताल जाते वक्त मौत हो गई। इस मामले में एक हफ्ते पहले एफआईआर दर्ज हो चुकी है। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। सोमवार को पीयूसीएल के प्रदेश उपाध्यक्ष नंदा बल्लभ भट्ट और रमेश पांडे कृषक के साथ कई ग्रामीण यहां पहुंचेे। ग्रामीणों का कहना है कि कथित हमलावर सरेआम घूम रहा है। अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। नामजद व्यक्ति सत्तारूढ़ कांग्रेस की न्याय पंचायत इकाई का अध्यक्ष होने के कारण सरकार से उसे बचा रही है। इस मौके पर जसपाल सिंह, गोविंद सिंह, महिपाल सिंह, भगत सिंह, प्रहलाद सिंह, जोधा सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष किसन सिंह दानू का कहना है कि एफआईआर के बाद श्याम सिंह को निलंबित करने की कार्रवाई चल रही है। दल को बदनाम करने के लिए कुछ लोग गलत आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में सरकार अथवा दल कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं।

Related posts