हत्या में दो को आजीवन कारावास

रुद्रपुर। द्वितीय अपर जिला जज विंध्याचल सिंह की अदालत ने स्कूल चौकीदार की हत्या करने के दो आरोपियों को आजीवन कारावास व चार-चार हजार रुपये जुर्माने की सजा से दंडित किया है। एडीजीसी दीपक अरोरा के अनुसार भदईपुरा स्थित विडसर एकेडमी के प्रबंधन विशाल आनंद ने 28 अप्रैल 2006 को दर्ज रिपोर्ट में कहा था कि उनके किच्छा स्थित द आरचर्ड स्कूल में बहेड़ी निवासी अर्जुन कुमार चौकीदार था। 27 अप्रैल 2006 को स्कूल बस का चालक किच्छा निवासी वीरपाल बस लेने स्कूल में गया, तो गेट का ताला लगा हुआ था। आवाज देने पर भी चौकीदार ने ताला नहीं खोला। इस पर चालक ने उसे सूचित किया। जब वह स्कूल पहुंचा और खिड़की से देखा तो चौकीदार मृत पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने दो मई 2006 को घाघा फार्म के समीप से दो युवकों को पकड़ा। नाम पता पूछने पर उन्होंने अपना नाम बहेड़ी निवासी मुकेश कुमार व जयेंद्र सिंह मौर्या बताया। सख्ती से पूछताछ में उन्होंने बताया कि स्कूल के चौकीदार की हत्या कर उन्होंने मोबाइल व बैटरी लूट ली थी। पुलिस ने दोनों युवकों की निशानदेही पर मोबाइल व बैटरी भी बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया। इधर सात साल तक चले मुकदमे के बाद अभियोजन अधिकारी ने 11 गवाह पेश कर अभियुक्त पर हत्या का जुर्म सिद्ध कर दिया।

Related posts