
रामपुर बुशहर। राजकुमार हत्याकांड मामले में भारी दबाव झेल रही ब्रौ पुलिस ने आखिर हत्यारोपी को दबोच ही लिया। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को उसके गांव जाबण (रोहड़ू ) से गिरफ्तार किया।
डीएसपी प्रवीर ठाकुर ने हत्याकांड में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी बबलू को रविवार शाम को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। गत 20 फरवरी की शाम को निरमंड के बायल में स्थानीय युवक राजकुमार के साथ तीन लोगों ने मारपीट की थी। मारपीट में राजकुमार बुरी तरह जख्मी हुआ था। रामपुर अस्पताल से घायल युवक को शिमला रेफर किया गया था, जहां 26 फरवरी को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और इस मामले में गिरिराज और गोविंद को गिरफ्तार किया गया था। जबकि, मारपीट में शामिल तीसरा युवक फरार था। इस आरोपी की गिरफ्तारी में लगातार देरी से आक्रोशित ग्रामीण 19 मार्च को ब्रौ पुलिस थाना पहुंचे और विरोध जताया। निरमंड की गड़ेज (बायल) पंचायत की प्रधान मीनाक्षी नेगी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपी की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। ग्रामीणों ने पुलिस को दस दिन का अल्टीमेटम दिया था और पुलिस थाना के घेराव की चेतावनी दी थी। अब ग्रामीणों का दबाव कहें या फिर कुछ और, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में तो आ गया। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस थाना के घेराव की ग्रामीणों की योजना फिलहाल स्थगित हो गई है।
