
नाहन (सिरमौर)। भारतीय जनता पार्टी नाहन मंडल ने सर्बजीत सिंह की पाकिस्तान में हुई हत्या पर गहरा आक्रोश जताया है। मंडल ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा तथा महिला मोर्चा नाहन मंडल की अध्यक्षा रेखा तोमर ने पार्टी की ओर से संयुक्त रूप से दिए अपने बयान में इस घटना की कड़ी निंदा की है।
मंडल अध्यक्ष दीन दयाल वर्मा ने साफ तौर पर कहा कि सर्बजीत सिंह की हत्या के पीछे पाकिस्तान के नापाक इरादे शामिल हैं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा इस मामले में बेहद लापरवाही बरते जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। मंडल के उक्त दोनों नेताओं ने अपने संयुक्त बयान में स्पष्ट किया कि सर्बजीत की इस शहादत को पूरा देश कभी नहीं भूल पाएगा। आजादी के दौरान यदि सरदार पटेल के हाथों में कश्मीर को सौंप दिया जाता तो आज पाकिस्तान की इस प्रकार की हिम्मत नहीं होती। उन्होंने कहा कि शिमला समझौते के तहत भारत ने बंदी 90 हजार पाक सैनिकों को छोड़ दिया। कांग्रेस नेताओं के कारण भारत ने जंग जीतकर भी कुछ नहीं पाया।
वहीं महिला मोर्चा नाहन मंडल की अध्यक्षा रेखा तोमर ने बताया कि कांग्रेस की नीति तथा रवैया इस मामले में अफसोस जनक है। नेताओं ने कहा कि भारत सरकार पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की बजाए हाथ पर हाथ धरे बैठी है जिसे भारत की जनता सिरे से नकारती है।
उन्होंने सर्बजीत के परिवार को अधिक से अधिक सहायता तथा सांत्वना देने की बात कही है।
