
रुद्रपुर। जिला जज जयदेव सिंह की अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में हत्या के आरोपी एक डाक्टर सहित दो अन्य को बरी कर दिया। न्यायिक सूत्रों के अनुसार 31 अगस्त 2009 को रुद्रपुर निवासी जसविंदर सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में कहा था कि शहर स्थित डॉ. मदन लाल बठला का रुद्रपुर निवासी लक्की पुत्र दर्शन सिंह के साथ जमीनी विवाद चल रहा था, जिसमें 31 अगस्त 2009 को पंचायत होनी थी। बताया गया कि पंचायत के दिन वह अपने छोटे भाई महेंद्र सिंह और भतीजे निरपाल सिंह के साथ डॉ. बठला के क्लीनिक पर पहुंचे। वहां डॉ. बठला बिलासपुर रामपुर निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ पप्पू और जसवंत सिंह मौजूद थे। इसी बीच डॉ. बठला ने उसके भतीजे निरपाल सिंह से बेवजह मारपीट शुरु कर दी और डॉ. के कहने पर उसके साथी गुरविंदर सिंह ने दो नाली बंदूक से छोटे भाई महेंद्र सिंह पर फायर झोंक दिया। इससे छोटे भाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने डॉ. बठला, साथी गुरविंदर सिंह और जसवंत सिंह खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। तीन साल चले मुकदमे के बाद शुक्रवार को साक्ष्यों के अभाव में न्यायाधीश ने तीनों आरोपियों को बरी कर दिया।
