हत्या के आरोपी न पकड़े जाने पर बिफरे लोग

सांगला/ रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में पूह खंड के तिरासंगधार स्थित बौद्ध मठ से चोरी के बाद लामा की हत्या मामले में पुलिस के हाथ कोई सुराग न लगने से लोग उग्र हो गए हैं। हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर हांगरंग संघर्ष समिति ने गांव के लोगों के साथ मिल कर शुक्रवार को पूह में रैली निकाली। इसके बाद उपायुक्त किन्नौर कै.जेएम पठानिया को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि 13 नवंबर को बौद्ध मठ से चोरी के बाद अज्ञात लोगों ने मठ के लामा की भी हत्या कर दी थी, लेकिन डेढ़ माह से अधिक समय होने के बाद भी अभी तक पुलिस इस मामले में कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इसके विरोध में शुक्रवार को हांगरंग वैली सघंर्ष समिति, हांगरंग वैली के गांव हांगो, चुलिंग, लियो, नाको, मलिंग, चांगो, शलखर, सुमरा, पूह, खाब, नम, डुबलिंग, टाशीगंग आदि, तिरासंगधार कमेटी के सदस्यों और स्पीति वैली के ग्यू गांव के लोगों ने रोष रैली निकाल कर प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने रोष रैली पूह कालोनी चौक से एडीएम ब्लॉक तक निकाली गई। इसके बाद उपायुक्त को आरोपियों की जल्द गिरफ्तार करने के लिए ज्ञापन भी सौंपा और मांग की कि मामले की छानबीन के लिए जल्द सीआईडी के कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। उन्हाेंने बताया कि अगर 10 दिन के अंदर आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन और उग्र कर दिया जाएगा। रोष रैली में समिति के प्रधान शांता नेगी, संजीव कुमार नेगी , देव सिंह नेगी, रमेश नेगी, छवांग दोर्जे, अंजल कुमार सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।

Related posts