
आनी (कुल्लू)। जिला कुल्लू उपमंडल आनी के दलाश में एक नेपाली की हत्या कर उसका शव खेतों में फेंकने के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रामपुर कोर्ट में पेश किया गया। आनी पुलिस के डीएसपी सुनील नेगी ने बताया कि शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं तीनों आरोपियों को रामपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां इनके बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेपाली के सिर पर गहरी चोंटें लगी थी। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बताया गया कि मृतक अपने जीजा, बहन और एक दोस्त के साथ मिलकर मजदूरी का कार्य करता था, लेकिन कुछ समय से वह उनसे अलग होकर कार्य कर रहा था। पुलिस जब उसकी बहन, जीजा और दोस्त के कमरे में जाकर पूछताछ करने पहुंची तो तीनों गायब थे। इसके बाद आनी थाना से जसवंत, परविंदर और लेडी कांस्टेबल कृष्णा को भी दलाश में बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों आरोपियों को च्वाई के पास जंगलों से गिरफ्तार किया गया था।
