
मंडी। टैक्स बढ़ोत्तरी के विरोध में जिला मंडी में कामर्शियल वाहनों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण लोगों को पैकेट बंद दूध, ब्रेड समेत अन्य डेली नीड्स उपलब्ध नहीं हो सके। मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन ऑटो रिक्शा, टैक्सी, ट्रक, पिकअप और अन्य माल वाहक वाहनों के पहिये जाम रहे। टैक्स वृद्धि के विरोध में चौंतड़ा में टैक्सी चालकों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
टैक्स बढ़ोत्तरी के विरोध में कामर्शियल वाहनों की हड़ताल दूसरे भी हड़ताल सफल रही। मंगलवार को मंडी शहर और सुंदरनगर में ऑटो रिक्शा नहीं चले। इससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। डेलीनीड्स की वस्तुएं न मिलने की समस्या खड़ी हो गई है। आटो रिक्शा की हड़ताल के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचाने में पेरशानी हुई। मंडी बस स्टैंड से अस्पताल, खलियार, जेल रोड, पुरानी मंडी की ओर जाने के लिए लोगों को पैदल ही सफर करना पड़ा। कामर्शियल वाहन आपरेटरों ने सरकार को चेताया कि अगर शीघ्र ही टैक्स वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया जाता तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
हड़ताल के दूसरे दिन मंडी, गोहर, चैलचौक, नेरचौक, सुंदरनगर, चौंतड़ा, सरकाघाट, धर्मपुर, जोगिंद्रनगर में कामर्शियल वाहनों के पहिये थमे रहे। हड़ताल से जिले के व्यवसायियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। सामान की ढुलाई के लिए वाहन न मिलने से व्यापारियों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बल्ह वैली ट्रक आपरेटर यूनियन के प्रधान अजय ठाकुर व बल्ह मिनी ट्रक आपरेटर यूनियन के प्रधान मनोज ठाकुर ने कहा कि दूसरे दिन भी सभी ट्रक खड़े रहे। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन भी सभी कामर्शियल वाहन हड़ताल में शामिल हुए।
